दिल्ली में ‘ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ लॉन्च, 70 लाख पौधों के साथ शुरू होगा बड़ा पर्यावरण अभियान
नई दिल्ली
सीएम रेखा गुप्ता ने बुधवार को ग्रीन ड्राइव पोर्टल (greendrive.delhivanmahotsav.in) का शुभारंभ किया। यह पोर्टल आगामी 'रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम' ' एक पेड़ मां के नाम ' अभियान को जन आंदोलन के रूप में शुरू करने की पहल है। सीएम ने सभी लोगों से अपील की कि वह इस महाअभियान में हिस्सा लें।
इस कार्यक्रम में दिल्ली ग्रीन वॉरियर्स भी शामिल हुए। सीएम ने कहा कि राजधानी को हरा भरा और साफ बनाने का यह अभियान सरकार के साथ-साथ जनभागीदारी से ही सफल होगा। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल सिर्फ एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि जनभागीदारी का सशक्त माध्यम है। अब कोई भी व्यक्ति घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए सीधे इस अभियान से जुड़ सकता है। सीएम ने कहा कि यह दिल्ली के हर नागरिक का अभियान है। लोग एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं। इससे वे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और हरित पर्यावरण का उपहार दे सकते हैं।
पोर्टल पर मिलने वाली सुविधाएं
पौधारोपण स्लॉट बुकिंग- लोग अपनी सुविधा के मुताबिक इस पोर्टल पर स्थान और समय का चयन कर पौधारोपण का ऑनलाइन स्लॉट बुक करवा सकते हैं।
वृक्ष रथ सुविधा- यदि किसी व्यक्ति, स्कूल, कार्यालय, आरडब्ल्यूए या आवासीय सोसायटी के पास पौधारोपण के लिए पर्याप्त स्थान है, तो दिल्ली सरकार निशुल्क पौधे सीधे उनके परिसर तक पहुंचाएगी।
नर्सरी लोकेटर- इस फीचर की मदद से नागरिक अपने पास की सरकारी नर्सरी की लोकेशन जानकर वहां से सीधे निशुल्क पौधे ले सकता है।
एनवायरमेंट सेवियर- इसके जरिए लोग दिल्ली सरकार के पर्यावरण अभियानों से सीधे जुड़कर एक जिम्मेदार 'ग्रीन वॉरियर' के रूप में अपना स्थायी योगदान दे सकेंगे।
क्या है विशेष
जुलाई में गृह मंत्री अमित शाह रिज वन पुनरुद्धार कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
70 लाख पौधे पूरी दिल्ली में लगाए जाएंगे।
300 नई इलेक्ट्रिक बसों और नए अंतरराज्यीय मार्गों की बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
रिज में देसी और दीर्घायु प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा।